मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच गृहमंत्री मिश्रा से मिलीं पथरिया विधायक रामबाई, कहा- क्षेत्र का विकास पहली प्राथमिकता
भोपाल. लॉकडाउन के बाद मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की खबरों के बीच दमोह के पथरिया विधायक रामबाई सिंह यहां गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से मिलने उनके निवासी पहुंचीं। मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावनाओं पर रामबाई ने कहा कि भाजपा की जो नीति है, उसके अनुसार उन्हें जो सही लगेगा वो करेंगे। मुझे अपने क्षेत्र का विकास करना है, क्षेत्र की जनता का विकास महत्वपूर्ण है। पहली प्राथमिकता यही है। आगे भाजपा की सोच है, उन्हें क्या करना है, क्या नहीं। उसमें हम कुछ नहीं बोल सकते हैं। जहां तक मंत्रीजी से मिलने की बात है तो हमारे क्षेत्र के मजदूर बाहरी प्रदेशों में फंसे हैं, उन्हें बुलाने के लिए मिले हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 21 अप्रैल को पांच मंत्रियों को शपथ दिलाने के बाद कहा था कि लॉकडाउन खुलने के बाद वह मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। लॉकडाउन 3 मई को खुल रहा है।
2018 में कांग्रेस सरकार बनने पर बाहर से समर्थन दे रही थीं रामबाई
रामबाई ने पथरिया से बसपा विधायक चुनी गई थीं। दिसंबर 2018 में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार बनने के बाद बसपा की तरफ से वे बाहर से समर्थन दे रही थीं। हाल ही में उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बसपा से बाहर कर दिया गया। बाद में कांग्रेस सरकार गिरी तो उनका सुर भी बदला हुआ है। अब वह भाजपा के पक्ष में बोल रही हैं और भाजपा नेताओं से मिलती रहती हैं।
दमोह के मजदूरों की वापसी पर चर्चा की
गुरुवार काे सुबह मुलाकात में रामबाई ने अपने क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सुविधाएं और बाहरी राज्यों में फंसे दमोह के मजदूरों की घर वापसी के संबंध में बातचीत की है। मंत्री ने विधायक के सामने ही अधिकारियों को फोन लगाकर समस्याओं का निराकरण कराया है।
Comments
Post a Comment